...तो क्या शिकायत गलत पाई जाने पर मुकदमा दर्ज करवाने का प्रावधान है... नीमच मंडी सचिव उमेश बसेडिया ने सीएम हेल्प लाइन पर शिकायत करने वाले को भेजा नोटिस, राहुल मेघवाल ने नीमच मंडी में आढत को लेकर दर्ज करवाई थी तीन व्यापारियों की नामजद शिकायत
12 Jun 2025
NEEMUCH NEWS
नीमच। सीएम हेल्प लाइन पर शिकायत दर्ज करवाने पर एक जागरूक व्यक्ति को नीमच कृषि उपज मंडी के सचिव उमेश बसेडिया ने नोटिस जारी किया है, जिसमें स्पष्ट लिखा है कि नियत तारीख को बयान के लिए उपस्थित होना अनिवार्य है और उपस्थित नहीं हुए तो शिकायत को झूठा मानकर मानकर आपके विरूद्ध सक्षम न्यायालय में मानहानि का प्रकरण पंजीबद्ध करवाया जावेगा।
नीमच तहसील के गांव रातडिया निवासी राहुल मेघवाल ने सीएम हेल्प लाइन क्रमांक 32529486 शिकायत दर्ज करवाई थी कि विजय ट्रेडर्स, जीएम इंटरप्राइजेस और बाकलीवाल एग्रो द्वारा खुलेआम आढत की जा रही है। शिकायत पर तुरंत एक्शन लेने की बजाय नीमच मंडी सचिव उमेश बसेडिया ने शिकायतकर्ता को ही धमकाने वाला एक नोटिस जारी किया है। यह पहली बार देखा जा रहा है कि जिसमें शिकायतकर्ता अगर बयान के लिए उपस्थित नहीं होता है या फिर उसकी शिकायत गलत पाई जाती है तो उसके खिलाफ मानहानि का प्रकरण न्यायालय में पंजीबद्ध करवाया जाएगा। राहुल मेघवाल ने इस मामले की शिकायत सीएम डॉ. मोहन यादव व कलेक्टर हिमांशु चंद्रा को की है और मंडी सचिव उमेश बसेडिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।