नीमच । फव्वारा चौक स्थित एक निजी ढाबे पर दो दिन पूर्व दोस्तों के बीच हुए मजाक ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार ढाबे पर भोजन कर रहे तनविंदर सिंह और मयंक बैरागी के बीच हल्के-फुल्के मजाक के दौरान दोस्त तन्विन्दर सिंह की पगड़ी गिर गई थी। इस पर तदविंदर ने मयंक से माफी मांगने को कहा, जिससे मयंक नाराज हो गया और मौके से चला गया। घटना यहीं शांत नहीं हुई। कुछ देर बाद मयंक बैरागी अपने दो अन्य साथियों-तरुण बैरागी और गोलू उर्फ कृष्णा बैरागी निवासी जयसिंहपुर के साथ महू रोड स्थित कब्रिस्तान रोड पर पहुंचा, जहां तनविंदर सिंह खड़ा था। वहां मयंक ने गाली-गलौज करते हुए अवैध पिस्टल निकालकर उस पर तीन फायर किए। गनीमत रही कि कोई गोली तनविंदर को नहीं लगी। इस घटना की शिकायत पीड़ित ने कैंट थाने में दर्ज कराई थी। कैंट थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है कि अवैध पिस्टल कहां से लाई गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा विवाद केवल मजाक के दौरान पगड़ी गिरने और माफी की मांग को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस ने अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।


