नीमच। अहीर समाज एवं नारायणी सेना के पदाधिकारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर माधव बंसल एवं उसके साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में दो अलग-अलग घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि आरोपी नशे की हालत में कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं। पहले मामले में समाजजनों ने बताया कि 17 मई की रात भड़भड़िया रोड पर माधव बंसल, और उनके अन्य साथी कथित रूप से नशे में धुत होकर चार पहिया वाहन क्रमांक MP44 CA 3069 को तेज रफ्तार से चला रहे थे। इसी दौरान वाहन ने सड़क किनारे खड़े एक सांड को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गोवंश का जबड़ा और कमर टूटने की बात कही गई है। गौसेवकों ने उसे गौसेवा धाम पहुंचाकर उपचार शुरू करवाया। समाजजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आमजन और पशुओं की जान को खतरा बना रहता है।
दूसरे मामले में ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया गया कि 17 मई की रात भरभड़िया रोड स्थित कैफे 24×7 पर माधव बंसल, और उनके 25 से 30 साथियों ने शराब और एमडी ड्रग्स के नशे में मारपीट की। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि उनके साथ गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग, अपमानजनक व्यवहार और मारपीट की गई। साथ ही मोबाइल तोड़ने और झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश करने के आरोप भी लगाए गए हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि माधव बंसल पर पूर्व में उदयपुर में अपहरण और फिरौती सहित इंदौर में करोड़ों रुपए के सट्टे एवं धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज होने का दावा किया गया है। समाजजनों ने उसे आदतन और अंतरराज्यीय अपराधी बताते हुए निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान नारायणी सेना अध्यक्ष हरीश अहीर, जय अहीर, नरेश अहीर, नीरज अहीर, जितेंद्र अहीर, रज्जू अहीर, गज्जू अहीर, हिमांशु अहीर एवं रामकुमार प्रेमी सहित समाजजन उपस्थित रहे। अहीर समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और आमजन में भय का वातावरण समाप्त हो सके।


