मंदसौर। शहर के संजीत रोड स्थित सम्यक डायमंड कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान के कुएं में बड़ी संख्या में कोबरा सांप के बच्चे दिखाई दिए। सूचना पर पहुंचे स्नेक रेस्क्यू विशेषज्ञ कमल दास बैरागी ने कड़ी मशक्कत के बाद कुएं से एक-दो नहीं, बल्कि 20 कोबरा के बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
बताया गया कि कुआं काफी गहरा होने के कारण सीधे नीचे उतरकर सांपों को निकालना संभव नहीं था। ऐसे में रेस्क्यू टीम ने पानी का टैंकर मंगवाकर कुएं में पानी भरवाया। पानी का स्तर बढ़ने पर सांप तैरते हुए ऊपर आने लगे, जिसके बाद उन्हें सावधानीपूर्वक एक-एक कर सुरक्षित पकड़कर डिब्बों में रखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी में लोगों की भीड़ जमा हो गई। एक साथ 20 जहरीले कोबरा के बच्चे मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के मौसम में सांपों के बिलों में पानी भर जाने से वे सुरक्षित स्थान की तलाश में बाहर निकल आते हैं। ऐसे समय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग, प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम या डायल-112 पर सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।


