मध्यप्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इंदौर के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी नाराजगी जताई। सत्ता में रहते हुए अपनी सरकार के सामने अपने क्षेत्र की बात रखना आसान नहीं होता। इस कदम ने प्रदेश की राजनीति में एक संदेश जरूर दिया कि जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व अपने क्षेत्र की आवाज़ उठाना है।

अब ज़रा मंदसौर की तस्वीर देखिए।

मंदसौर जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले सत्तारूढ़ दल भाजपा के लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, मल्हारगढ़ विधायक जगदीश देवड़ा, सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया तथा जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार समय-समय पर जनहित के मुद्दे उठाते रहे हैं। कई बार ज्ञापन दिए गए, अधिकारियों से चर्चा हुई, बैठकों में नाराजगी भी जताई गई, लेकिन आम जनता की नजर में सवाल आज भी वही है—क्या इन प्रयासों का अपेक्षित परिणाम दिखाई दिया?

जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार ने जिला पंचायत की बैठकों में कई बार प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को लेकर खुलकर सवाल उठाए। बावजूद इसके, यदि समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं, तो यह केवल प्रशासन ही नहीं, पूरी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

मंदसौर में बढ़ते अपराध हों, अधूरे विकास कार्य हों, सड़कें, सीवरेज, पेयजल या अन्य जनसमस्याएँ—अक्सर जनप्रतिनिधि अधिकारियों से कार्रवाई की मांग करते दिखाई देते हैं। लेकिन जनता यह भी देख रही है कि मांगों के बाद जमीन पर कितना बदलाव आया। लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि केवल ज्ञापन देने के लिए नहीं चुने जाते, बल्कि जनता की आवाज़ को प्रभावी ढंग से शासन और प्रशासन तक पहुंचाने के लिए चुने जाते हैं।

यह भी सही है कि प्रशासन कानून और नियमों के तहत काम करता है। लेकिन यदि चुने हुए जनप्रतिनिधियों की बातों का भी अपेक्षित असर नहीं दिखता, तो जनता के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर निर्णय कौन ले रहा है—जनप्रतिनिधि या अफसरशाही?

साल 2028 के विधानसभा चुनाव दूर नहीं हैं। तब जनता यह नहीं पूछेगी कि कितने ज्ञापन दिए गए, बल्कि यह पूछेगी कि कितनी सड़कें बनीं, कितने विकास कार्य पूरे हुए, अपराधों पर कितना नियंत्रण हुआ और जनता की समस्याओं का कितना समाधान हुआ।

कैलाश विजयवर्गीय के पत्र ने एक बहस जरूर छेड़ दी है। अब यह बहस मंदसौर में भी होनी चाहिए कि क्या जिले के जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र के हितों के लिए उतनी ही मुखरता से अपनी बात सरकार और प्रशासन के सामने रख पाए हैं? क्योंकि अंततः जनता को आश्वासन नहीं, परिणाम चाहिए। आने वाले चुनावों में जनता का फैसला भी इसी कसौटी पर होगा।