सरवानिया महाराज। देश में सैकड़ों राजनीतिक दल हैं और भाजपा व कांग्रेस स्वयं को सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती हैं, लेकिन यदि वास्तव में दवाई, पढ़ाई, कमाई और बचत का मॉडल किसी के पास है, तो वह आम आदमी पार्टी के पास है। आम आदमी पार्टी मुफ्त दवाई, मुफ्त इलाज, विश्वस्तरीय सरकारी स्कूलों के माध्यम से शिक्षा, रोजगार व सरकारी नौकरियों के अवसर, कौशल विकास, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा तथा बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं के लिए 2500 मासिक पेंशन देकर बचत का ऐसा मॉडल प्रस्तुत कर रही है, जो अन्य दलों के लिए मिसाल है। जनता से वसूले गए टैक्स को “रिटर्न गिफ्ट” के रूप में पुनः जनता तक पहुंचाकर किस प्रकार बचत संभव है, यह आप ने सिद्ध कर दिखाया है।
ये विचार आम आदमी पार्टी के प्रदेश कोर कमेटी सदस्य इंद्र विक्रम सिंह ने सरवानिया महाराज में मध्यप्रदेश जोड़ो अभियान के अंतर्गत आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कुशासन के लगभग 23 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस अवधि में प्रदेश की कानून व्यवस्था बद से बदतर हो गई है। महिलाओं के साथ बलात्कार और उत्पीड़न के मामलों में प्रदेश देश में शीर्ष पर पहुंच गया है और कई मामलों में भाजपा से जुड़े नेताओं की संलिप्तता सामने आई है। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर्यावरण संरक्षण के बड़े-बड़े दावे करते हैं और “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियान चलाए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर देश के जंगल बड़े उद्योगपतियों के हाथों सौंपे जा रहे हैं। प्रदेश को सही दिशा में ले जाना है तो राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल के दिल्ली मॉडल को अपनाना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि अब समय आ गया है कि दिल्ली और पंजाब के केजरीवाल मॉडल को प्रदेश में लागू करने के लिए आम आदमी पार्टी से जुड़ा जाए। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सुरक्षा, फ्री बिजली-पानी, संविदा कर्मियों के स्थान पर स्थायी सरकारी नौकरी, स्वरोजगार को बढ़ावा और मोहल्ला क्लिनिक जैसी व्यवस्थाओं के लिए जनता को एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी। आगामी चुनावों में जनता को अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग कर भ्रष्ट भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करना होगा।

सभा को संबोधित करते हुए आप प्रवक्ता एवं गुजरात सेंट्रल टीम ऑब्जर्वर इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसका जन्म एक जनक्रांति से हुआ। मात्र दस वर्षों में पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी है। दिल्ली और पंजाब में किसानों को बिना सर्वे कराए 50,000 प्रति एकड़ मुआवजा, सरकारी स्कूलों का कायाकल्प, हर मोहल्ले में मोहल्ला क्लिनिक, 300 से अधिक जांचें व दवाइयां मुफ्त उपलब्ध कराना, संविदा व ठेका प्रथा को समाप्त कर स्थायी नौकरियां देना ये सभी आप सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं। पंजाब में 75 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और नशे के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाया जा रहा है।

आप के जिला उपाध्यक्ष एवं जावद विधानसभा प्रभारी डॉ. राजू पाल ने कहा कि आज किसान यूरिया के लिए भटक रहा है, उसे अपनी फसल का लागत मूल्य तक नहीं मिल पा रहा, फिर भी भाजपा किसान हितैषी होने का दावा कर रही है।

सभा को राजिंदर कौर, सत्यानारायण ओझा, प्रहलाद काबरा, इब्राहिम पठान, तुलसीराम बामनिया, नरेंद्र पाटीदार, भगतराम भाणेज, रमेश गुर्जर सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और भाजपा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा।

कार्यक्रम में अठाना पार्षद भेरूलाल भील, सेमली चंद्रावत उपसरपंच उदेराम चौहान, जोसफ जडसन, जितेंद्र अग्रवाल, अजय पाटीदार, पीयूष अग्रवाल, राकेश चौहान, तुलसीराम गायरी, बाबूलाल धनगर, किशन कहार, चितरंजन गेहलोत, भंवरलाल जबड़ा, भगत पटेल, अशोक शर्मा, किशनलाल सोलंकी सहित सैकड़ों आमजन उपस्थित रहे