नीमच। ब्राइट मून इंग्लिश स्कूल, बोरखेड़ी कलां (नीमच) द्वारा विद्यालय परिसर में आठवाँ वार्षिक उत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला अशासकीय शिक्षण संघ के अध्यक्ष श्री विशाल जैन, ग्राम पंचायत सरपंच श्री भोपाल सिंह अहीर, जिला महासचिव श्री मुरलीधर पालीवाल, कोषाध्यक्ष श्री शिव रावत, उपाध्यक्ष श्री प्रजापाल सिंह हाड़ा, सचिव डॉ. मोहन मोदी एवं संघ सदस्य श्री दशरथ रावत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय संचालक श्री ज्ञानेन्द्र कारपेंटर द्वारा अतिथियों का पुष्पमाला से स्वागत-सत्कार किया गया।
अपने उद्बोधन में सरपंच श्री भोपाल सिंह अहीर ने बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि “शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं होता।”
जिला अध्यक्ष श्री विशाल जैन ने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा दी, जिससे संस्कारों का विकास होता है।
महासचिव श्री मुरलीधर पालीवाल ने बच्चों को विद्यालय की सभी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का संदेश दिया।
कोषाध्यक्ष श्री शिव रावत ने संस्कार, सम्मान और आगे बढ़ने के जज्बे को जीवन का आधार बताया।
उपाध्यक्ष श्री प्रजापाल सिंह हाड़ा ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अतिथियों के उद्बोधनों के पश्चात रात्रि 8:30 बजे से विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शानदार आयोजन प्रारंभ हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद देशभक्ति गीत, धार्मिक भजन, नृत्य एवं नाटिकाओं ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। ग्राम के नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं एवं बच्चों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम देर रात्रि लगभग 1 बजे तक चला।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री दशरथ रावत द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय संचालक श्री ज्ञानेन्द्र कारपेंटर एवं समस्त शिक्षिकाओं द्वारा अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।