नीमच। जिले के सिंगोली थाने में पदस्थ थाना प्रभारी भूरालाल भाभर (बी.एल. भाभर) को पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने लाइन अटैच कर दिया है। सूत्रों के अनुसार उनके खिलाफ कुछ शिकायतें मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। हालांकि पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है प्रशासनिक फेरबदल के तहत सिंगोली थाने की कमान अब जावद थाने में पदस्थ थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा को सौंपी गई है। जितेंद्र वर्मा ने शनिवार को सिंगोली थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। वहीं जावद थाने की जिम्मेदारी विकास पटेल को दी गई है। उल्लेखनीय है कि विकास पटेल पिछले कुछ समय से लाइन अटैच थे, जिन्हें अब पुनः  पदस्थापना दी गई है। इस फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।