नीमच। शासकीय हाई स्कूल अल्हेड़ में गत शैक्षणिक सत्र 2024-25 की कक्षा 10वीं की परीक्षा में प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर अल्हेड़ का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित करने वाली कु. तनीषा पाटीदार (पुत्री मुकेश पाटीदार), जिन्होंने 98.2 प्रतिशत अंक अर्जित किए, के सम्मान में एक कक्ष का नामकरण “तनीषा पाटीदार कक्ष” किया गया। कक्ष के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि डॉ. सर्वेश मारू, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष एवं जिला ग्राम भारती मनासा के सचिव यशवंत सोनी, पंकज छाबड़ा, ग्राम अल्हेड़ के सरपंच आनंद श्रीवास्तव एवं डॉ. बद्रीलाल नागदा उपस्थित रहे। इस अवसर पर कु. तनीषा पाटीदार के दादा-दादी, माता-पिता, भाई, समस्त परिजन, ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय परिवार की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्राचार्य राधेश्याम धाकड़ द्वारा पुष्पहार पहनाकर किया गया एवं स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सर्वेश मारू ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया। ग्राम सरपंच आनंद श्रीवास्तव ने बच्चों को निरंतर परिश्रम और अच्छी पढ़ाई के लिए प्रेरणा दी, वहीं यशवंत सोनी ने विद्यार्थियों को राष्ट्र और माँ भारती की सेवा के लिए जागरूक किया। तत्पश्चात सभी अतिथियों एवं बिटिया तनीषा पाटीदार द्वारा फीता काटकर “तनीषा पाटीदार कक्ष” का विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजीव नागदा ने किया तथा आभार प्रदर्शन घनश्यामदास बैरागी द्वारा किया गया।