देवरी खवासा। गैलेक्सी लिटिल स्टार हाई स्कूल देवरी खवासा द्वारा कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों को पुलिस थाना मनासा का शैक्षणिक भ्रमण (एजुकेशनल टूर) कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सर्वप्रथम थाना प्रभारी शिव रघुवंशी एवं महिला डेस्क प्रभारी सपना राठौड़ का पुष्पगुच्छ एवं रामलला की प्रतिमा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। भ्रमण के दौरान थाना परिसर में पदस्थ आरक्षक स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को थाना प्रभारी कक्ष, एफआईआर लेखन कक्ष, बंदी कक्ष, मालखाना, हथियार कक्ष, केस विवेचना कक्ष, कंप्यूटर कक्ष सहित थाना के विभिन्न विभागों का अवलोकन कराया गया तथा उनकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। थाना प्रभारी रघुवंशी से विद्यार्थियों ने डिजिटल अरेस्ट, आईपीसी धाराएं, साइबर अपराध, पुलिस विभाग के उच्च पद एवं उनके कार्यकाल से जुड़े अनुभवों सहित कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। थाना प्रभारी ने सरल भाषा में सभी प्रश्नों के उत्तर देते हुए बच्चों को बताया कि किसी भी कानून में किसी व्यक्ति को “डिजिटल अरेस्ट” नहीं किया जा सकता, इसलिए ऐसे मामलों से डरने की आवश्यकता नहीं है। वहीं महिला डेस्क प्रभारी सपना राठौड़ ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया एवं मोबाइल के सीमित व सुरक्षित उपयोग की सलाह दी। इस दौरान थाना प्रभारी एवं महिला डेस्क प्रभारी ने विद्यार्थियों को अपना अमूल्य समय देते हुए लंबे समय तक संवाद किया। थाना में पदस्थ सहयोगी स्टाफ मोहनसिंह सिसोदिया, माया पाटीदार सहित समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पुलिस विभाग की कार्यशैली को समझा और जाना कि किस प्रकार पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए निरंतर कार्य करती है। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक भ्रमण के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


