नीमच जिले की सगराना घाटी पर मारपीट की एक गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान के पुत्र इंद्रजीत सिंह चौहान एवं उनके साथी आदित्य पिता किशन सिंह घायल हो गए। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान के अनुसार, आदित्य पिता किशन सिंह (उम्र 29 वर्ष), निवासी स्कीम नंबर 36 नीमच और इंद्रजीत सिंह पिता सज्जन सिंह चौहान (उम्र 39 वर्ष), निवासी गांधीनगर नीमच, आज अपने व्यावसायिक कार्य से सगराना गए थे। इसी दौरान महेंद्र सिंह, विक्रम सिंह एवं उनके साथियों द्वारा दोनों युवकों पर तलवार से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में दोनों युवकों की गाड़ी के कांच भी तोड़ दिए गए। घटना में इंद्रजीत सिंह को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल नीमच लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं अस्पताल से जानकारी एकत्र की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।