नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बडे भाई नारायण यादव के बेटे अभय यादव के नाम से एक नकली व्यक्ति को नीमच जिले की मनासा में एक कथित एवं अवैध कॉलोनी के शुभारंभ करवाने का मामला सामने आया है। जैसे ही यह बात सीएम साहब के बडे भाई नारायण यादव (नारायण दादा) तक पहुंची तो यह फर्जीवाडा किसने किया, इसके बारे में जांच पडताल करवाई तो पता चला कि मंदसौर का भूमाफिया कोमल बाफना और अपने आप को सीएम का रिश्तेदार बताने वाला उज्जैन का बबलू यादव ने यह कारनामा किया है। घटना 8 फरवरी की है। मनासा थाना प्रभारी शिव रघुवंशी ने भूमाफिया कोमल बाफना को करीब छह घंटे तक थाने पर बैठने की सजा दी, कोमल बाफना मनासा थाने के एक कोने में बैठा रहा और पुलिस के समक्ष गिडगिडाता रहा कि उसे छोड दो, गलती हो गई, लेकिन शाम होने के बाद टीआई ने भूमाफिया कोमल बाफना को छोडा।
दरअसल मनासा में श्री बद्रीविशाल मंदिर की भूमि पर खाटू श्याम नामक कॉलोनी का निर्माण किया गया है। यह कॉलोनी पूर्व में चर्चा में रही है और विवादों की वजह से कई लोगों ने इस कॉलोनी से दूरियां बना ली थी, कुछ दिन भूमाफिया ने शासन प्रशासन और स्थानीय मनासा के लोगों को गुमराह करने के लिए एक फर्जीवाडा किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बडे भाई नारायण यादव का नाम इस कथित कॉलोनी से जोडा गया, बैनर पोस्टर और अखबारों में विज्ञापन भी नारायणदादा के फोटो सहित दिए गए, जिससे कि लोगों को लगे कि सीएम के बडे भ्राता का इस कथित कॉलोनी से कनेक्शन है। यहीं नहीं आश्चर्य तो इस बात का हो गया कि भूमाफिया कोमल बाफना सहित उनकी मंडली यह खबर फैलाती रही कि सीएम साहब के बडे भाई नारायण यादव आने वाले है, आने वाले है… फिर बाद में यह खबर फैलाई कि नारायण दादा तो नहीं आएंगे, उनके बेटे अभय यादव आ रहे है, एक नकली अभय यादव भी शुभारंभ के मौके पर खडा कर दिया और स्वागत भी करवा दिया कि नारायण दादा नहीं आए तो उन्होंने उनके बेटे अभय यादव को भेज दिया। लेकिन इस कारनामें की पोल जब खुली कि कुछ लोग मनासा के सीएम साहब के सगे भतीजे अभय यादव को व्यक्तिगत रूप से जानते है। उन्होंने नारायण दादा और अभय यादव को इस बात की जानकादी दे दी कि आपके नाम से किसी दूसरे व्यक्ति को खडा कर स्वागत किया जा रहा है, फिर क्या था नारायण दादा ने नीमच एसपी अंकित जायसवाल को इस संबंध में कार्रवाई के लिए बोला। मनासा थाना प्रभारी शिव रघुवंशी ने कोमल बाफना को उठाया और थाने लेकर आए। करीब छह घंटे तक थाने में बैठाए रखा।
आखिर कौन था वह शख्स, जिसे सीएम का भतीजा बताया गया— सीएम डॉ. मोहन यादव का रिश्तेदार बताने वाला बबलू उर्फ गोविंद यादव निवासी उज्जैन का साला बताया जा रहा है, जिसे नारायण यादव के बेटे अभय यादव बताकर खूब वाह—वाही लूटी गई।
सीएम के बडे भाई के नाम का दुरूपयोग— इस घटनाक्रम के अलावा मंदसौर का भूमाफिया कोमल बाफना नीमच व मंदसौर जिले में सीएम के बडे भाई नारायण यादव के अच्छी मित्रता होने का लोगों को बताता है और सारे अवैध कामों पर पर्दा डकने का काम करता आया है। मंदसौर व मनासा में अवैध कॉलोनी के बारे में सीएम डॉ. मोहन यादव व उनके भाई नारायण यादव तक काला चिठठा पहुंचा है, जल्द ही भूमाफिया कोमल बाफना पर पुलिस प्रशासन शिकंजा कस सकता है।


