नीमच जिले के मनासा क्षेत्र से एक सनसनीखेज फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भतीजे के नाम का दुरुपयोग कर कथित रूप से अवैध कॉलोनी का शुभारंभ करा दिया गया। इस पूरे मामले में मंदसौर का कुख्यात भूमाफिया कोमल बाफना और उज्जैन निवासी बबलू उर्फ गोविंद यादव की भूमिका उजागर हुई है।
जानकारी के अनुसार, मनासा क्षेत्र स्थित श्री बद्रीविशाल मंदिर की भूमि पर बनाई जा रही “खाटू श्याम कॉलोनी” के प्रचार-प्रसार में मुख्यमंत्री के बड़े भाई नारायण यादव और उनके पुत्र अभय यादव का नाम व तस्वीरें बैनर, पोस्टर और अखबारों में प्रकाशित की गईं। इससे आमजन को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि कॉलोनी को मुख्यमंत्री परिवार का संरक्षण प्राप्त है। आरोप है कि पहले प्रचार किया गया कि नारायण यादव स्वयं कॉलोनी का शुभारंभ करने आ रहे हैं। बाद में कहा गया कि वे किसी कारणवश नहीं आ पाएंगे और उनके स्थान पर पुत्र अभय यादव उपस्थित होंगे। इसी दौरान एक व्यक्ति को अभय यादव बताकर मंच पर खड़ा किया गया और उसका भव्य स्वागत भी कराया गया।
असली पहचान सामने आने पर खुली पोल
फर्जीवाड़े की पोल तब खुली, जब मनासा के कुछ स्थानीय लोग असली अभय यादव को व्यक्तिगत रूप से जानते थे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री के बड़े भाई नारायण यादव तक पहुंचाई। इसके बाद नारायण यादव ने नीमच एसपी अंकित जायसवाल से मामले में कार्रवाई की बात कही।
थाने में घंटों पूछताछ
8 फरवरी को मनासा थाना प्रभारी शिव रघुवंशी ने भूमाफिया कोमल बाफना को थाने बुलाकर करीब छह घंटे तक पूछताछ की। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह माफी मांगता और गिड़गिड़ाता रहा। हालांकि शाम के समय उसे छोड़ दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि अभय यादव बनकर मंच पर मौजूद व्यक्ति उज्जैन निवासी बबलू उर्फ गोविंद यादव था, जो खुद को मुख्यमंत्री का रिश्तेदार बताता रहा। आरोप है कि कोमल बाफना पहले भी नीमच और मंदसौर जिलों में मुख्यमंत्री के बड़े भाई से नजदीकी का हवाला देकर अवैध कॉलोनियों और अन्य गतिविधियों को अंजाम देता रहा है।
जल्द हो सकती है बड़ी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके भाई नारायण यादव तक पहुंच चुकी है। अवैध कॉलोनियों और नाम के दुरुपयोग को लेकर भूमाफिया कोमल बाफना पर जल्द ही बड़ी प्रशासनिक और पुलिस कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री के परिवार के नाम पर फर्जीवाड़ा, मनासा में अवैध कॉलोनी का भंडाफोड़ सीएम के भतीजे के नाम का दुरुपयोग, मनासा में फर्जी शुभारंभ का मामला सीएम के भतीजे बनकर किया कॉलोनी का शुभारंभ, बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर
Related Posts
शहीद मुकेश प्रजापति की प्रतिमा होगी स्थापित,खड़ावदा में समाजजनों ने लिया निर्णय, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में हुआ था हादसा
मंदसौर जिले के गरोठ तहसील के ग्राम बानिया खेड़ी (खड़ावदा क्षेत्र) निवासी सीआरपीएफ जवान मुकेश कुमार प्रजापति 17 जनवरी 2026 को शहीद हो गए। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर क्षेत्र में एक…
दलौदा थाना प्रभारी को ग्रामीणों ने किया सम्मानित -माला पहनाकर खिलाई मिठॉंई
मंदसौर।मंगलवार को ग्राम अमलावद और आस-पास के ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा लव जिहाद मामले में की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए दलौदा थाना प्रभारी शुभम व्यास और उनकी…


