मंदसौर जिले के गरोठ तहसील के ग्राम बानिया खेड़ी (खड़ावदा क्षेत्र) निवासी सीआरपीएफ जवान मुकेश कुमार प्रजापति 17 जनवरी 2026 को शहीद हो गए। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में उनकी जान चली गई। वे सीआरपीएफ की 52 बटालियन में लगभग 20 वर्षों से देश सेवा में कार्यरत थे। यह दुर्घटना उस समय हुई जब वे छुट्टी पर अपने घर लौट रहे थे और उनका वाहन एक तेज रफ्तार वाहन से टकरा गया। शहीद मुकेश प्रजापति के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पार्थिव शरीर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पैतृक गांव बानियाखेडी में 12वीं की रस्म आयोजित की गई। इस अवसर पर समाज के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में शहीद की स्मृति में मूर्ति स्थापना का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। जनपद पंचायत गरोठ के अध्यक्ष प्रतिनिधि रणजीत सिंह चौहान ने इस नेक कार्य के लिए 1 लाख रुपये का दान दिया। ग्राम पंचायत सरपंच मुकेश रावत मीणा ने मूर्ति निर्माण के लिए जल्द से जल्द प्रस्ताव पारित करने की बात कही। स्थानीय जनपद निधि से भी इस पहल को सहमति मिली है।