नीमच। नीमच शहर में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व अन्य मशरूका भी जब्त किया गया है। कार्रवाई पुलिस थाना नीमच कैंट टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार 10 फरवरी 2026 को फरियादी सुरेंद्र पटवा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 12 बजे वह अपने घर के आगे बने ऑफिस में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पीछे के कमरे से आवाज आने पर देखने गए तो दो युवक भागते नजर आए। घर के अंदर सामान बिखरा मिला तथा अलमारी खुली हुई थी। पीछे का दरवाजा टूटा हुआ पाया गया। रिपोर्ट पर थाना नीमच कैंट में अपराध क्रमांक 66/26 धारा 305-ए, 331(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिला पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया व नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज व मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने साहिल काठी, मुकेश काठी एवं संजय बागरी (सभी निवासी नीमच) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व अन्य सामान जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। महत्वपूर्ण योगदान: इस कार्रवाई में थाना नीमच कैंट टीम की सराहनीय भूमिका रही।


