नीमच  नगर परिषद् नयागांव के वार्ड क्रमांक 09 में सामुदायिक भवन के लिए आवंटित शासकीय भूमि पर दुकानों का निर्माण किए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में वार्ड के ग्रामीणों व नगरवासियों ने किसान नेता राज कुमार अहीर के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर दुकानों का निर्माण तत्काल रुकवाने तथा सामुदायिक भवन का निर्माण कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन पहले कलेक्टर ओर बादमे प्रतिनिधि को सौंपा गया, जिस पर कलेक्टर की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि नगर की मरघट / श्मशान भूमि सर्वे नंबर 1566, रकबा 1.298 हेक्टेयर को पूर्व में परिवर्तित कर सामुदायिक भवन निर्माण के लिए आवंटित किया गया था। इस भूमि पर क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को देखते हुए सामुदायिक भवन बनाया जाना था, लेकिन नगर परिषद् नयागांव द्वारा निर्धारित उद्देश्य के विपरीत वहां दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रजापत, माली, जयसवाल, मीणा सहित आसपास के मोहल्लों में कोई भी सामुदायिक भवन उपलब्ध नहीं है। विवाह, सामाजिक एवं अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए लोगों को दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक व सामाजिक परेशानियां बढ़ रही हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व केबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया जा चुका था, इसके बावजूद आज तक भवन का निर्माण शुरू नहीं हो पाया।