नीमच। नीमच केंट पुलिस ने नया बाजार स्थित एक दुकान पर चाइना डोर की बिक्री की सूचना पर केंट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दुकान से चाइना डोर की पतंगें जब्त कीं और एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 5 रोल चाइनीज मांझा बरामद किया है। यह कार्रवाई मकर संक्रांति पर्व से एक दिन पहले की गई है,जब पतंगबाजी के लिए इस प्रतिबंधित मांझे का उपयोग बढ़ने की आशंका होती है। एसपी ने बताया कि मानव और पशु-पक्षियों की जान बचाने के लिए चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ जिले में अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक, केंट थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
इस टीम ने 13 जनवरी 2026 को नया बाजार स्थित एक दुकान से पतंग / मांझे की दुकान पर छापा मारा। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से धातुओं के मिश्रण से निर्मित 5 रोल चाइनीज मांझा बरामद किया गया। जिले में चाइनीज मांझे के उपयोग को प्रतिबंधित करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की हुई है। यह मांझा पतंग उड़ाने के लिए हानिकारक सामग्री से बना होता है,जिससे दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में केंट थाना प्रभारी टीम की इसमें विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि धातुओं के मिश्रण से बने चाइनीज मांझे का उपयोग न करें, क्योंकि इससे दुपहिया वाहन चालकों और पक्षियों को जान-माल का अत्यधिक नुकसान होने की संभावना रहती है।


