नीमच। जिले के लासूर धामनिया निवासी पवन उर्फ प्रदीप पिता राधेश्याम (उम्र 30 वर्ष) की गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को मृतक के परिजनों ने महू-नसीराबाद रोड स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर चक्काजाम कर दिया। परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मकान की दीवार निर्माण को लेकर हुए विवाद के दौरान पवन को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी सुगना बारोठ ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके मकान की दीवार का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान आरोपी मुकेश बारोठ पिता शंकरलाल निवासी लासूर धामनिया ने उनके पति पर पावड़े से हमला कर दिया। आरोप है कि मुकेश के पिता एवं अन्य परिजनों ने भी पवन के साथ मारपीट की।


