नीमच। नयागांव क्षेत्र में एक युवक के साथ मोबाइल फाइनेंस के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक खुशाल उर्फ सोनू प्रजापत ने आरोप लगाया है कि विश्वकर्मा मोबाइल दुकान संचालक ने उसकी बिना जानकारी और अनुमति के उसके नाम पर मोबाइल फाइनेंस कर दिया। जब मोबाइल की किस्त भरने का संदेश आया, तब उसे इस फर्जीवाड़े की जानकारी मिली। इसके बाद उसने 12 जनवरी को नयागांव पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का कहना है कि 16 जनवरी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। खुशाल ने बताया कि उसने एक वर्ष पहले विश्वकर्मा मोबाइल दुकान से नकद भुगतान कर मोबाइल खरीदा था,जिसका बिल उसके पास मौजूद है। उसी समय दुकानदार ने आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज ले लिए। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग कर टीवीएस क्रेडिट फाइनेंस के माध्यम से उसके नाम पर किसी अन्य व्यक्ति को मोबाइल फाइनेंस कर दिया गया। जब पीड़ित ने दुकानदार से सवाल किया तो उसे धमकाया गया कि उसकी चाय की दुकान हटवा दी जाएगी और पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी। पीड़ित को आशंका है कि इसी तरह अन्य लोगों के साथ भी धोखाधड़ी की गई होगी। जांच अधिकारी कन्हैयालाल राठौर ने बताया कि टीवीएस क्रेडिट फाइनेंस से संबंधित रिकॉर्ड मंगवाया जा रहा है। सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


