नीमच। जीरन  के समीपस्थ ग्राम अरनिया बोराना में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्रीदेव समिति के तत्वावधान में श्री देवनारायण जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन दिनांक 25 जनवरी 2026, रविवार (माघ शुक्ल सप्तमी) को सम्पन्न होगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः भगवान श्री देवनारायण जी के देवरा पर देवनारायण भगवान,भेरु जी,बजरंग बली एवं माता जी की समस्त मूर्तियों के विधि-विधान से अभिषेक से होगी। इसके पश्चात पूजा-अर्चना के साथ श्री देवनारायण जी की आकर्षक झांकी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
यह शोभायात्रा डीजे, ढोल-ढमाके और देवनारायण भगवान के जयघोष के साथ गांव के प्रमुख मार्गों — बालाजी मंदिर, शिव मंदिर, होली चौक, श्रीराम मंदिर, मुख्य चौराहा एवं समस्त वार्डों से गुजरते हुए पुनः देवरा स्थल पर पहुंचेगी, जहां महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा।
तत्पश्चात रात्रि में परंपरानुसार हवन, आरती एवं रात्रि जागरण का भी आयोजन किया जाएगा। उक्त जानकारी देव समिति सदस्य डॉ. शिवनारायण गुर्जर द्वारा दी गई।