मनासा। वाहन विक्रय से जुड़े पुराने फर्जीवाड़े के एक गंभीर मामले में मनासा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला गैर-जमानती धाराओं में दर्ज है, जिसमें मृत व्यक्ति के फर्जी हस्ताक्षर कर वाहन का नामांतरण किए जाने का आरोप है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस दल-बल के साथ मनासा निवासी राकेश अरोरा के निवास पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान महिला पुलिस बल भी मौजूद रहा। पुलिस ने दबिश देकर राकेश अरोरा एवं उसके पुत्र दानिश अरोरा को उनके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वाहन विक्रय के दौरान नियमों की अनदेखी कर दस्तावेजों में हेराफेरी की गई। मृत वाहन मालिक के नाम पर फर्जी हस्ताक्षर कर गाड़ी का ट्रांसफर कराया गया, जिससे पूरे प्रकरण की गंभीरता और भी बढ़ गई है। पुलिस अब इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार आरटीओ विभाग के कुछ कर्मचारियों एवं दलाल की संभावित मिलीभगत की भी पड़ताल की जा रही है। मनासा थाना प्रभारी शिव रघुवंशी ने बताया कि पूछताछ के बाद मामले में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।


