नीमच शहर सहित पूरे जिले में 26 जनवरी को 77 वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 परिसर में संपन्न हुआ। समारोह में प्रदेश की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल एवं परेड कमांडर के साथ खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन कर जनता को शासन की योजनाओं और प्रदेश की उपलब्धियों से अवगत कराया गया।मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं।
सीआरपीएफ के बैंड द्वारा प्रस्तुत मधुर धुनों के बीच तीन हर्ष फायर किए गए, जिससे समारोह का वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। परेड में विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में रंग भर दिए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने सराहा। इस गरिमामय अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस समारोह ने देशभक्ति, एकता और संविधान के प्रति निष्ठा का संदेश देते हुए जिलेवासियों में उत्साह और गर्व की भावना को और मजबूत किया।