जावद। नगर में 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर नगर के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नगर के प्रमुख मार्गों से प्रभात फेरी निकालते हुए नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता की। नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश जाट ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया। छात्रों द्वारा पीटी परेड का आयोजन किया गया तथा तत्पश्चात माँ सरस्वती को दीप प्रज्वलित कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य एवं गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में नगर उपाध्यक्ष हरीश धाकड़, पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, कर्मचारीगण, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।


