जावद। नगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात बावल दरवाजा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर की दानपेटी को अज्ञात चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया। चोर दानपेटी को तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। गौरतलब है कि इसी मंदिर में कुछ दिन पूर्व भी इसी तरह दानपेटी तोड़कर नकदी चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार दूसरी बार हुई चोरी से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थलों में भी चोरों के हौसले बुलंद होना बेहद चिंताजनक है।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को अवगत कराया। क्षेत्रवासियों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है। वहीं श्रद्धालुओं ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


