नीमच। उज्जैन जोन के अपर पुलिस महानिदेशक उमेश जोगा मंगलवार को नीमच पहुंचे। जहां उन्होंने नीमच पुलिस कंट्रोल रूम पर जिले के पुलिस अधिकारीयों, थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी के साथ  मासिक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जिले के पुलिस कप्तान अंकित जायसवाल सहित अधिकारी भी मौजूद है।  बैठक में जिले के थाना ,चौकी, अपराधों व जिले की पुलिसिंग व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली। इसके साथ ही अपर पुलिस महानिदेशक उमेश जोगा ने बेहतरीन पुलिसिंग के लिए आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए

बैठक में विशेष रूप से अफीम की खेती से संबंधित NDPS  मामलों पर गहन चर्चा की गई। श्री जोगा ने इस संबंध में प्रभावी रणनीति बनाने और पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा 12 से 26 जून तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अधिक से अधिक NDPS कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, पिछले पाँच महीनों में दर्ज हुए अपराधों की पिछले दो वर्षों के आंकड़ों से तुलनात्मक समीक्षा की गई, ताकि यह आकलन किया जा सके कि अपराधों में वृद्धि हुई है या कमी आई है। इस विश्लेषण के आधार पर भविष्य की अपराध नियंत्रण रणनीतियों को आकार दिया जाएगा। बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय यह भी लिया गया कि उज्जैन जोन से भी एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य जमीनी विवादों से संबंधित मामलों का शीघ्र निराकरण करना होगा। इन मामलों के त्वरित समाधान के लिए राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।। उमेश जोगा ने बेहतरीन पुलिसिंग को लेकर नीमच पुलिस की पीठ थपथपाई। साथ ही यह भी कहा कि अभी और बेहतर करने की गुंजाइश है। विशेष रूप से तस्करों पर शिकंजा कसने और सख्त एक्शन की बात भी कही। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उमेश जोगा के नीमच पहुंचने पर पुलिस कंट्रोल रूम पर सबसे पहले एसपी अंकित जायसवाल, एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया व अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। उसके पश्चात पुलिस कंट्रोल रूम के सभा कक्ष में बैठक की गई।