नीमच। क्रिकेट के मैदान पर जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होती हैं, तो रोमांच का पारा सातवें आसमान पर होता है। रविवार रात भी कुछ ऐसा ही मंजर नीमच में देखने को मिला। भारत की शानदार जीत और पाकिस्तान की करारी शिकस्त के बाद शहर के प्रमुख समाजसेवी अशोक अरोरा के कार्यालय पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। यहाँ का माहौल किसी बड़े उत्सव जैसा नजर आया।
बड़ी स्क्रीन पर रोमांच का तड़का,
अशोक अरोरा के नीमच स्थित कार्यालय पर मैच के सीधे प्रसारण के लिए एक विशाल स्क्रीन लगाई गई थी। शाम ढलते ही खेल प्रेमियों का जमावड़ा शुरू हो गया। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, लोगों की धड़कनें तेज होती गईं। अरोरा से जुड़े व्यक्तियों ने स्वयं प्रशंसकों के साथ बैठकर मैच का लुत्फ उठाया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दर्शकों के लिए यह अनुभव किसी स्टेडियम में बैठने जैसा था, जहाँ हर चौके और छक्के पर ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंज रहे थे।
पाकिस्तान की हार और देर रात तक जश्न,मैच के अंतिम ओवरों में जब भारत की जीत सुनिश्चित हुई, तो पूरा इलाका खुशी से झूम उठा। जैसे ही अंतिम गेंद फेंकी गई और पाकिस्तान की हार पर मुहर लगी, अशोक अरोरा के कार्यालय के बाहर भव्य आतिशबाजी शुरू हो गई। आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से नहा गया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवा देर रात तक थिरकते रहे।