नीमच। खेल के मैदान से शहर के लिए एक और गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। इन्वेंशन बास्केटबॉल अकादमी और ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल की होनहार खिलाड़ी दिव्यल यादव और लक्षिता चौहान का चयन आगामी 76वीं जूनियर नेशनल चौंपियनशिप के लिए मध्य प्रदेश की टीम में हुआ है।
अकादमी के कोच किशनपाल सिंह और सत्येंद्रपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा पांडिचेरी बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वाधान में इस चौंपियनशिप का आयोजन 22 मई से 29 मई तक पांडिचेरी में किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम भी अपना दमखम दिखाएगी।
खिलाड़ियों का चयन स्टेट बास्केटबॉल चौंपियनशिप में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। प्रतियोगिता में दिव्यल यादव (पुत्री श्री राजेंद्र यादव) और लक्षिता चौहान (पुत्री श्री नाथू सिंह चौहान) ने अपनी तकनीक और बेहतरीन खेल से सभी को प्रभावित किया। नेशनल चौंपियनशिप की तैयारियों के लिए दोनों खिलाड़ियों ने 11 मई से 20 मई तक ग्वालियर में आयोजित विशेष अभ्यास कैंप (ट्रेनिंग कैंप) में भी हिस्सा लिया है।
यह पहला मौका नहीं है जब इन दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हो। इससे पहले भी दिव्यल और लक्षिता कई बार विभिन्न स्तरों पर मध्य प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्तमान में दोनों खिलाड़ी ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल की छात्राएं हैं।
दोनों बेटियों की इस बड़ी उपलब्धि और भारतीय बास्केटबॉल के शीर्ष मंच पर प्रतिनिधित्व करने के अवसर पर इन्वेंशन अकादमी के पदाधिकारियों और खेल विभाग ने खुशी जाहिर की है। अकादमी के कमल सिंह चुंडावत, जयपाल सिंह राणावत, पूजा यादव, राजेंद्र यादव, सुनील दीवान, नितेश शर्मा, भरत सैनी और खेल विभाग की कोच मीनाक्षी तंवर आदि ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और नेशनल में स्वर्ण पदक जीतने का आशीर्वाद दिया।


