नीमच। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर शहर के प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र किलेश्वर महादेव मंदिर में बाबा किलेश्वर का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। मालवा अंचल के प्रसिद्ध समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर की उपस्थिति में आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में भगवान शिव का सैकड़ों कमल पुष्पों से आकर्षक श्रृंगार एवं विशेष अर्चन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ जलाभिषेक एवं पूजन से हुई। इसके बाद मंदिर के गर्भगृह को कमल पुष्पों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और सुगंधित हो उठा। समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर ने बाबा किलेश्वर को कमल पुष्प अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और विश्व कल्याण की कामना की। इस अवसर पर विद्वान पंडितों ने पुरुषोत्तम मास की महिमा का वर्णन करते हुए बताया कि यह मास भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है, लेकिन सनातन परंपरा में भगवान शिव और भगवान विष्णु एक-दूसरे के पूरक हैं। पुरुषोत्तम मास में दोनों की आराधना करने से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस पवित्र मास में किए गए जप, तप, दान और पूजा का फल सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक मिलता है। इसी कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और बाबा किलेश्वर के दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। उल्लेखनीय है कि समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर लंबे समय से धार्मिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके सहयोग से संपन्न हुए इस विशेष आयोजन ने श्रद्धालुओं में भक्ति और उत्साह का नया संचार किया। देर शाम तक मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा।


