नीमच। मनासा रोड स्थित मंगल रिसॉर्ट में चल रहे एक विवाह समारोह को रणक्षेत्र में बदलने वाले मुख्य आरोपी हेमंत पिता कुंदन गौड़ (माली) के हौसले अब पूरी तरह पस्त हो चुके हैं। नीमच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हेमंत को दबोचा और सोमवार को ही कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे सलाखों के पीछे जेल भेज दिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई ईको कार को पुलिस पहले ही जब्त कर गुंडों की हेकड़ी निकाल चुकी है।
*खुशियों के बीच अचानक किया था खूनी हमला —*
नरेंद्र बागवान निवासी उज्जैन अपने परिवार के साथ नीमच के मंगल रिसॉर्ट में आयोजित एक शादी में शामिल होने आए थे। दोपहर करीब 04:20 बजे जब रिसॉर्ट के भीतर बिन्दौली चल रही थी और सभी मेहमान नाच-गाने की खुशियों में मग्न थे तभी पुरानी रंजिश की आग में जल रहे हमलावरों ने अचानक धावा बोल दिया।
मुख्य आरोपी हेमंत पिता कुंदन गौड़ ने रिसॉर्ट के अंदर घुसकर नरेंद्र के साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। नरेंद्र ने जब इसका विरोध किया तो हेमंत के साथी सुनील मेघवाल ने लोहे की रॉड से नरेंद्र के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। नरेंद्र ने सूझबूझ दिखाते हुए हाथ अड़ाकर किसी तरह अपना सिर बचाया लेकिन लोहे की रॉड उनकी बाईं पसली पर जा लगी जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस खींचतान और हंगामे के बीच पीड़ित के गले से सोने की चैन भी कहीं गायब हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नीमच पुलिस ने फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की और मुख्य आरोपी हेमंत पिता कुंदन गौड़ को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।


