मनासा ।  मनासा-रामपुरा मार्ग स्थित बालाजी मंदिर के सामने उस समय पुलिस की घेराबंदी रंग लाई,जब एक संदिग्ध युवक अपने बैग में अफीम छिपाकर पहुंचा। पहले से मुखबिर की सूचना पर तैनात पुलिस टीम ने युवक को घेरकर तलाशी ली तो बैग से 1 किलो 660 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2.30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवा उर्फ शिवलाल विश्नोई (30), निवासी धुलिया (महाराष्ट्र) के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम किस गिरोह से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी शाबेरा अंसारी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस का मानना है कि पूछताछ से अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।