मनोज मीणा
नीमच। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के बढ़ते दुस्साहस का बड़ा मामला सामने आया है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की विशेष टीम पर कार्रवाई के दौरान तस्करों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाब में सीबीएन ने आत्मरक्षा करते हुए वाहन के टायर पर नियंत्रित फायर किया। इसके बावजूद तस्कर करीब 8 किलोमीटर तक वाहन दौड़ाते रहे और बाद में अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सीबीएन की मध्यप्रदेश इकाई को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप वाहन में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर मलखेड़ा फंटा के पास घेराबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध वाहन पहुंचा, टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्करों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और भाग निकले।
पीछा किए जाने पर आरोपियों ने सीबीएन टीम पर पिस्टल से लगातार फायरिंग शुरू कर दी। हालात को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने वाहन के पिछले टायर को निशाना बनाकर फायर किया, जिससे टायर पंचर हो गया। इसके बावजूद वाहन करीब 8 किलोमीटर तक दौड़ता रहा और अंततः ग्राम दुदारसी स्थित बालाजी रेस्टोरेंट के सामने रुक गया। यहां दोनों आरोपी वाहन छोड़कर भाग निकले और फरार होने से पहले एक बार फिर फायरिंग की।
वाहन की तलाशी लेने पर सीबीएन टीम ने करीब सवा टन (लगभग 1.25 टन) अवैध डोडाचूरा और अफीम बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। सीबीएन ने मामला दर्ज कर फरार तस्करों की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा तथा पूरे तस्करी नेटवर्क का भी खुलासा किया जाएगा। इस कार्रवाई को हाल के वर्षों में नीमच क्षेत्र की सबसे बड़ी नारकोटिक्स कार्रवाई में से एक माना जा रहा है।