मंदसौर। शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान प्रसूता की मौत के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हो गया। मृतका की पहचान पूजा कुंवर के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते हुए उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों के अनुसार, पूजा कुंवर का उपचार एक निजी क्लिनिक में चल रहा था। कुछ दिन पहले उनका ऑपरेशन हुआ था, जिसमें उन्होंने जुड़वां बेटियों को जन्म दिया। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान हुई कथित चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन में गंभीर लापरवाही हुई तथा रक्त चढ़ाने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। उनका कहना है कि अहमदाबाद के चिकित्सकों ने उन्हें कुछ चिकित्सकीय नमूने भी उपलब्ध कराए हैं। परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, अस्पताल या संबंधित डॉक्टर की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और विशेषज्ञों की राय के बाद ही किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी तय की जाएगी। यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। दो नवजात बेटियों के सिर से मां का साया उठने से परिजनों में गहरा शोक है।


