नीमच। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वाधान में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तरीय मनासा विकासखंड की चयनित नवांकुर संस्था प्रस्फुटन ग्राम सेवा संस्थान ऊंचेड द्वारा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति ऊंचेड के सहयोग से शासकीय प्राथमिक-माध्यमिक विद्यालय ऊंचेड में स्वदेशी अपनाओ–देश बचाओ एवं स्वच्छता व पर्यावरण जागरूकता विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने, विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार तथा आत्मनिर्भर ग्राम निर्माण के महत्व के बारे में समझाया गया। साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इसके पश्चात जैविक खेती पर संवाद आयोजित किया गया, जिसमें प्राकृतिक खेती, जैविक खाद के उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की गरिमा में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था के समन्वयक प्रह्लाद धनगर, रवि मोरी, प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष मंगलेश बैरागी, सचिव लोकेश पाटीदार सहित समिति के सदस्य एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी ग्रामीणों को स्वदेशी स्वावलंबन की शपथ दिलवाई गई।


