जीरन। नगर के महाविद्यालय में चल रहे विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रिंसिपल दीपा कुमावत के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कॉलेज के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने जमकर नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल दीपा कुमावत पिछले कुछ समय से विभिन्न विवादों को लेकर चर्चा में रही हैं। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज परिसर में आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है,जिससे शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है। हाल ही में प्रिंसिपल दीपा कुमावत और महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.शिखा सोनी के बीच कथित हाथापाई का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डॉ. शिखा सोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए जान से मारने की धमकी और मारपीट के आरोप लगाए हैं। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। विरोध प्रदर्शन के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर प्रिंसिपल के स्थानांतरण की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो क्रमबद्ध आंदोलन किया जाएगा


