नीमच। जिले के भरभडिया क्षेत्र में मिट्टी माफिया पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। लाल घाटी (खल्ला) स्थित सरकारी अतिक्रमण की जमीन पर रात के अंधेरे में बेखौफ होकर अवैध खनन का कार्य किया जा रहा है। माफियाओं की इस दबंगई के कारण शासन के राजस्व को अब तक लाखों रुपये का चूना लग चुका है। हैरानी की बात यह है कि प्रशासन की नाक के नीचे खनन माफिया देर रात तक मशीनों और डंपरों के जरिए सरकारी खजाने पर डाका डाल रहे हैं, लेकिन अब तक इन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

अंधेरे का फायदा उठा रहे माफिया —सूत्रों के मुताबिक माफियाओं ने खनन के लिए रात का वक्त इसलिए चुना है ताकि किसी की नजर उन पर न पड़े। लाल घाटी के इस दुर्गम इलाके में सरकारी जमीन को छलनी किया जा रहा है जिससे पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुँच रहा है।
अब देखना यह होगा कि क्या जिला प्रशासन और खनिज विभाग इन ‘मिट्टी के सौदागरों’ पर नकेल कसता है या माफियाओं का यह खेल यूँ ही बेखौफ जारी रहेगा।