*संतोष जैन -राजस्थान किरण*

निंबाहेड़ा/वंडर सीमेंट लि. निम्बाहेड़ा के नींव इनिशिएटिव के तहत संचालित सी.एस.आर. कार्यक्रम के अन्तर्गत श्रीचंद कृपलानी विधायक, निम्बाहेड़ा एवं पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री राजस्थान सरकार की अनुशंसा के अनुसार कम्पनी के यूनिट हेड नितिन जैन द्वारा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, चित्तौड़गढ़ प्रमोद दशोरा एवं अति. जिला परियोजना समन्वयक समसा, राजेन्द्र कुमार शर्मा को विद्यालयों में निर्माण कार्य संपादित करवाने हेतु वंडर सीमेंट द्वारा जन सहयोग राशि 2 करोड़ 61 लाख 25 हजार 6 सौ रुपये के चेक हस्तांतरित किये गये। इस अवसर पर जैन ने बताया कि वंडर सीमेंट लि. द्वारा क्षेत्र के 13 राजकीय विद्यालयों एवं 2 कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं आवश्यक निर्माण कार्यों को संपादित करवाने के लिये जन सहयोग राशि का सहयोग किया गया है, जिससे विद्यालयों में कक्षा-कक्ष, बाॅस्केटबाॅल कोर्ट, शौचालय इकाई, विद्यालय स्वागत द्वार, डोम, पाथ-वे जैसे आवश्यक निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारम्भ होंगे एवं राजकीय विद्यालय उत्कृष्ट शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित होंगे।* वंडर सीमेंट लि. द्वारा परियोजना क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों के उन्नयन हेतु शिक्षा विभाग को निरन्तर सहयोग किया जा रहा है। साथ ही कम्पनी द्वारा एकलव्य ज्ञान केन्द्रों का भी नियमित सहयोग किया जा रहा है। विद्यालयों में भी स्मार्ट क्लास, कम्प्यूटर लेब, विद्यार्थियों के लिये फर्नीचर सेट, विद्युतीकरण, सी.सी.टी.वी. कैमरा लगवाना, खेल मैदानों का विकास, पौधारोपण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किये जा रहे हैं। राजकीय विद्यालयों को प्राप्त इस महत्वपूर्ण एवं अमूल्य सहयोग के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, चित्तौड़गढ़ दशोरा ने शिक्षा विभाग की ओर से कंपनी प्रबंधन को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के समग्र उन्नयन में वंडर सीमेंट लिमिटेड की सक्रिय भागीदारी, प्रतिबद्धता एवं तत्परता के फलस्वरूप पूरे क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों के स्वरूप में उल्लेखनीय एवं सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में विद्यालयों के नामांकन में भी सराहनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो इस पहल की सफलता का प्रमाण है।