नीमच। जिले में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे जिला पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जीरन थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस अमले में हड़कंप मचा दिया। अचानक एसपी के थाने पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। निरीक्षण के दौरान थाने में मौजूद एक फरियादी से एसपी ने सीधे बातचीत कर उसकी समस्या सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के सख्त तेवर देखकर पुलिसकर्मियों को साफ संदेश मिल गया कि फरियादियों की अनदेखी और ड्यूटी में लापरवाही अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।
एसपी राजेश व्यास ने थाने के मालखाना, बंदी गृह, रिकॉर्ड रूम और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने दस्तावेजों की जांच करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश भी दिए। इसके बाद उन्होंने जीरन क्षेत्र के रात्रि गश्त पॉइंट्स पर पहुंचकर पुलिस जवानों की मुस्तैदी परखी।
कप्तान के इस आधी रात निरीक्षण से जिलेभर के पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई है। एसपी ने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है।