जीरन। नगर परिषद जीरन द्वारा नगर के मुख्य मार्गों और शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर मुख्य पालिका अधिकारी विकास डावर ने स्पष्ट कहा है कि चाहे अतिक्रमण कच्चा हो या पक्का,नियम विरुद्ध कब्जों को हटाने की कार्रवाई हर हाल में की जाएगी। मालवा हलचल संवाददाता से चर्चा के दौरान सीएमओ विकास डावर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार शासकीय भूमि,सड़क और सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश प्राप्त हैं। नगर परिषद द्वारा इस संबंध में पूर्व में ही संकल्प पारित किया जा चुका है,इसलिए कार्रवाई के लिए अलग से किसी अनुमति की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि त्योहारी अवधि के चलते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को कुछ समय के लिए रोका गया था,लेकिन अब अभियान दोबारा तेज किया जाएगा और नगर के मुख्य मार्गों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त होने तक कार्रवाई जारी रहेगी। सीएमओ ने कहा कि नगर परिषद द्वारा एलाउंसमेंट के माध्यम से पहले ही अतिक्रमणकारियों को स्वयं कब्जे हटाने की चेतावनी दी जा चुकी है। इसके बावजूद यदि लोग अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो प्रशासन सख्त कदम उठाते हुए बुलडोजर कार्रवाई करेगा। नगर परिषद की इस सख्ती के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है, वहीं आम नागरिकों ने यातायात व्यवस्था सुधारने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई का स्वागत किया है।