नीमच। शहर के मनासा रोड स्थित मंगल रिसॉर्ट में चल रहा एक शादी समारोह उस समय अचानक रणक्षेत्र में बदल गया जब पुरानी रंजिश को लेकर खूनी विवाद रिसॉर्ट के अंदर तक पहुँच गया। लाठियाँ और लोहे की रॉड लहराते हमलावरों को देखकर बारात और मेहमानों में भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी के बीच हमलावर अपनी चप्पलें और अपनी ईको कार मौके पर ही छोड़कर नौ दो ग्यारह हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर मुख्य आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित नरेंद्र बागवान द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार फरियादी उज्जैन से अपने परिवार के साथ नीमच के मंगल रिसॉर्ट में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। रिसॉर्ट में जब बिन्दौली चल रही थी और सभी लोग नाच-गाने में मग्न थे तभी अचानक दोपहर करीब 04:20 बजे पुरानी रंजिश को लेकर हमलावरों ने धावा बोल दिया। नरेंद्र ने बताया कि वह जब रिसॉर्ट में था तभी हेमंत गौड़ पिता कुंदन (माली) वहाँ आया और पुरानी बात को लेकर मां-बहन की अश्लील गालियाँ देने लगा। जब नरेंद्र ने गाली देने से मना किया तो हेमंत ने उसे जान से मारने की नीयत से उस पर हमला कर दिया। इसी बीच हेमंत का साथी सुनील मेघवाल लोहे की रॉड लेकर आया और नरेंद्र के सिर पर दे मारी। नरेंद्र ने हाथ अड़ाकर किसी तरह अपना सिर बचाया लेकिन रॉड उसकी बाईं तरफ पसली पर जा लगी। इस मारपीट के दौरान हेमंत के कुछ अन्य साथी भी वहाँ पहुँच गए जिन्होंने रिसॉर्ट के भीतर जमकर हंगामा करा इस पूरी खींचतान और मारपीट के बीच नरेंद्र के गले में पहनी हुई सोने की चैन भी कहीं गिर गई या गायब हो गई।
शादी में मौजूद लोगों के आक्रोश को देखकर हमलावर ऐसे भागे कि अपनी चप्पलें तक मौके पर छोड़ गए। हड़बड़ाहट में वे जिस ईको वाहन से आए थे उसे भी रिसॉर्ट परिसर में ही छोड़कर रफूचक्कर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची पुलिस ने घटनास्थल से आरोपियों की ईको गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। पुलिस ने फरियादी नरेंद्र बागवान की शिकायत पर मुख्य आरोपी हेमंत गौड़, सुनील मेघवाल और उनके अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।