नीमच। शहर में एक शादी समारोह उस समय तनाव और अफरा-तफरी का केंद्र बन गया, जब पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने एक युवक पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए युवक के गले से सोने की चेन भी छीन ली। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी नरेंद्र बागवान अपने परिवार के साथ शुक्रवार की शाम मनासा रोड स्थित मंगलम होटल में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट पर उतर आए। इस दौरान फरियादी के गले में पहनी सोने की चेन भी गायब हो गई, जिसे लेकर लूट का आरोप लगाया गया है।
नीमच सिटी थाना पुलिस ने मामले में हेमंत उर्फ हेमंत गौड़, सुनील मेघवाल तथा एक अन्य साथी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद शादी समारोह में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और मेहमानों में दहशत फैल गई। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।