नीमच। शहर के मनासा रोड स्थित मंगलम होटल में शुक्रवार को आयोजित एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब कुछ युवक अचानक समारोह स्थल में घुस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनके पीछे कुछ अन्य युवक लट्ठ लेकर दौड़ रहे थे, जिससे बारातियों और मेहमानों में दहशत फैल गई। शुरुआत में लोगों को लगा कि शादी समारोह के भीतर ही किसी बात को लेकर विवाद हो गया है, लेकिन बाद में पता चला कि होटल के बाहर पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा चल रहा था। विवाद बढ़ने पर कुछ युवक बचने के लिए सीधे शादी समारोह में घुस गए, जिससे कार्यक्रम में कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि हेमंत माली अपने चार साथियों के साथ मौके पर पहुंचा था और शादी समारोह के दौरान हंगामा किया। घटना के बाद शादी पक्ष के लोगों ने उन्हें बाहर निकाल दिया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि उनकी एक इको वाहन घटनास्थल पर ही छूट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इको वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए हेमंत माली के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


