नीमच। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण रविवार को बिसलवास कला स्थित शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। कार्यक्रम में बूथ क्रमांक 12, 13 एवं 14 के भाजपा कार्यकर्ताओं, किसानों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री एवं उत्तर मंडल प्रभारी रोशन वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्राम सरपंच एवं कार्यक्रम प्रभारी गोपाल शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन में देश के विकास, जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर रोशन वर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि किसानों एवं कार्यकर्ताओं के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। कार्यक्रम के बाद विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा की गई तथा प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर भाजपा वरिष्ठ नेता चेतराम पाटीदार, बूथ अध्यक्ष अर्जुन कुमार पाटीदार, मूलचंद बैरागी, हिम्मत सिंह, भेरूलाल धनगर, श्यामलाल रावत, जितेंद्र पाटीदार, भेरूलाल राठौर, डॉ. दिनेश नागदा, मांगीलाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।