मंदसौर, 31 मई। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय स्मैक तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 20 किलोग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) जब्त की है। कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में नई आबादी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध वाहनों की घेराबंदी कर तलाशी ली। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से 20 किलो अवैध मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए हैं, जिनमें एक सुजुकी एस-क्रॉस और एक हुंडई क्रेटा शामिल है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर एवं राजस्थान के प्रतापगढ़ क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई नेटवर्क तथा वित्तीय लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में नई आबादी थाना पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही। फरार आरोपी की तलाश जारी है।