नीमच। नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत बावल-चोकानखेड़ा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल युवक करीब आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा,लेकिन समय पर सहायता नहीं मिलने से उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। मृतक की पहचान अंकुर पिता विनोद गर्ग (35) निवासी चौकन्ना बालाजी के पीछे,कमल अग्रसेन भवन के पास,जावद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंकुर गर्ग सेनेटरी व्यवसाय से जुड़े थे और काम के सिलसिले में जावद से सुवाखेड़ा की ओर गए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार बावल-चोकानखेड़ा मार्ग से गुजरते समय एक अज्ञात वाहन ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकुर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घायल युवक काफी देर तक मौके पर ही पड़ा रहा। समय पर न तो कोई मदद मिल सकी और न ही तत्काल एम्बुलेंस पहुंच पाई। बाद में सूचना मिलने पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को जावद शासकीय अस्पताल ले जाया गया।
जावद अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया। नीमच पहुंचने पर डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते अंकुर ने दम तोड़ दिया।
अंकुर गर्ग की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों, मित्रों और परिचितों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं जावद थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। हादसे ने एक बार फिर सड़क दुर्घटनाओं के बाद समय पर राहत और एम्बुलेंस सेवाओं की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।