नीमच। अफीम तस्करी से जुड़े एक मामले में जीरन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमच के पूर्व जीआरपी थाना प्रभारी एवं वर्तमान में श्यामगढ़ जीआरपी में पदस्थ एएसआई कन्हैयालाल भाटी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले जीरन पुलिस ने एक कार्रवाई के दौरान आरोपी मंगलसिंह को करीब डेढ़ किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से बताया कि बरामद अफीम उसे जीआरपी में पदस्थ एएसआई कन्हैयालाल भाटी द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस ने आरोपी के कथित बयान तथा विवेचना के दौरान जुटाए गए तथ्यों के आधार पर कन्हैयालाल भाटी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि कन्हैयालाल भाटी पूर्व में नीमच जीआरपी थाना प्रभारी रह चुके हैं और वर्तमान में श्यामगढ़ जीआरपी में पदस्थ हैं। जीरन पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस प्रकरण में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है तथा अफीम तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इधर, गिरफ्तार एएसआई कन्हैयालाल भाटी ने मीडिया से बातचीत में अपने विरुद्ध दर्ज प्रकरण को फर्जी बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला श्यामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र की वजह से दर्ज किया गया है। भाटी का कहना है कि वह अपने आरोपों के समर्थन में न्यायालय के समक्ष साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।