नीमच। लोकायुक्त संगठन उज्जैन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आदिम जाति कल्याण विभाग, नीमच के जिला संयोजक राकेश राठौर एवं उत्कृष्ट बालक छात्रावास नीमच के अधीक्षक हरीश चौहान को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार,जूनियर कन्या छात्रावास कुकड़ेश्वर की अधीक्षिका कुर्दुला एक्का ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि छात्रावास में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रही विभागीय जांच में सहयोग करने तथा रुका हुआ वेतन जारी कराने के एवज में दोनों अधिकारियों द्वारा 1 लाख 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि हरीश चौहान की पैंट की दाहिनी जेब से बरामद की गई। लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी,डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल
निरीक्षक हीना डावरप्रधान आरक्षक हितेश ललावत
आरक्षक उमेश जाटव ,आरक्षक श्याम शर्मा,आरक्षक मोहम्मद इसरार,आरक्षक संजीव कुमारिया,कंप्यूटर ऑपरेटर अंजली पुरानिया मौजूद रहे । भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया ।


