नीमच (रतनगढ़)। नीमच जिले से इस वक्त की सबसे सनसनीखेज और कलेजा कंपा देने वाली खबर सामने आ रही है! रतनगढ़ थाना क्षेत्र के तुमड़िया गांव में शुक्रवार को एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। एक सफेद रंग की ईको कार में सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े दो मासूम नाबालिग बच्चियों को जबरन गाड़ी में खींच लिया और फरार हो गए।
लेकिन इसके बाद जो हुआ… वह किसी बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर एक्शन फिल्म से कम नहीं था! ग्रामीणों ने अपनी जान पर खेलकर इन दरिंदों का वो पीछा किया कि अपहरणकर्ताओं के होश उड़ गए।
वारदात की पूरी इनसाइड स्टोरी: खेत से घर लौट रही थीं मासूम:-
मिली जानकारी के मुताबिक, तुमड़िया ग्राम की रहने वाली 8 और 13 वर्षीय दो मासूम सगी बहनें/बालिकाएं अपने खेत से काम निपटाकर मुख्य सड़क से घर लौट रही थीं। तभी रास्ते में घात लगाए बैठी एक सफेद रंग की ईको कार (क्रमांक MP 44 ZB 5881) आकर रुकी। गाड़ी से उतरे युवकों ने आव देखा न ताव, दोनों बच्चियों का मुंह दबाया और उन्हें जबरन गाड़ी के अंदर खींच लिया।
गाड़ी के अंदर का खौफनाक राज!
ग्रामीणों ने जब गाड़ी को पकड़ा तो उसके अंदर एक अन्य अज्ञात बच्ची की चप्पलें और कांच पर लगाने वाले गत्ते बरामद हुए हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि यह गैंग पहले भी ऐसी किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे चुका है!
‘सिंघम’ बने ग्रामीण: बाइक को मारी टक्कर, ट्रैक्टर अड़ाकर रोका रास्ता:-
बच्चियों के चीखने की आवाज जैसे ही पास मौजूद ग्रामीण भेरूलाल जटिया और प्रहलाद बैरागी के कानों में पड़ी, उन्होंने बिना वक्त गंवाए अपनी बाइक स्टार्ट की और किडनैपर्स की कार के पीछे दौड़ा दी।
2 किलोमीटर बाद खूनी भिड़ंत:
ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाकर अपनी बाइक को किडनैपर्स की कार के आगे अड़ा दिया। लेकिन खौफनाक इरादे से आए आरोपियों ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी और उसे दूर तक घसीटते हुए ले गए।
25 किलोमीटर तक ‘हाई-स्पीड चेस’: –
आरोपी कार लेकर बिजेपुर, दौलतपुरा, पालछा और चडोल के रास्तों से कट मारते हुए भाग रहे थे। लेकिन ग्रामीणों ने तुरंत फोन घुमाकर आगे के गांवों में अलर्ट भेज दिया।
आटा सरोदा पर ‘द एंड’: –
आखिरकार लगभग 25 किलोमीटर दूर आटा सरोदा के पास ग्रामीणों ने सड़क के बीचों-बीच ट्रैक्टर आड़ा खड़ा कर किडनैपर्स का रास्ता पूरी तरह ब्लॉक कर दिया। गाड़ी रुकते ही ग्रामीणों ने घेराबंदी की और 3 में से 2 आरोपियों को कॉलर पकड़कर गाड़ी से बाहर खींच लिया, जबकि एक आरोपी चकमा देकर जंगलों की तरफ भाग निकला।
किडनैपर्स भी निकले नाबालिग:-
इस पूरे मामले में सबसे हैरान कर देने वाली बात यह सामने आई है कि जहां पीड़ित बच्चियां नाबालिग हैं, वहीं पकड़े गए आरोपी भी नाबालिग (कम उम्र के लड़के) बताए जा रहे हैं! इनमें से गाड़ी का मालिक सरवानिया मसानी का और दूसरा खोर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने दोनों को सूझबूझ से पहले जाट पुलिस चौकी और फिर रतनगढ़ पुलिस के हवाले किया।
रतनगढ़ थाने पर भारी आक्रोश, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा:-
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पीड़ितों के परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने रतनगढ़ थाने का घेराव कर दिया। इलाके में भारी तनाव का माहौल है।


