नयागांव। केसरपुरा के पास हाईवे किनारे स्थित टायर की एक गुमटी में अचानक आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना एचपी पेट्रोल पंप के समीप स्थित गुमटी की है। गुमटी संचालक नासिर पिता अहमद नूर ने बताया कि वे कुछ समय के लिए खाना खाने गए थे। इसी दौरान तेज हवा के कारण बिजली के तार आपस में टकरा गए, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और गुमटी में रखे तिरपाल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गुमटी को अपनी चपेट में ले लिया। गुमटी में रखे नए और पुराने टायर, जिनमें ट्रकों के टायर भी शामिल थे, पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग इतनी भीषण थी कि कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और नगर परिषद के अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन गुमटी संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।