नीमच में आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टा माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नीमच कैंट पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने हवाई पट्टी और जवाहर नगर क्षेत्र से तीन आरोपियों को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा लगाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 1 लाख 1 हजार रुपये नकद, 3 मोबाइल फोन और लाखों रुपये के डिजिटल लेनदेन का हिसाब जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के सख्त निर्देशों के बाद जिले में जुआ-सट्टा रोकने के लिए पुलिस टीम अलर्ट पर थी। इसी क्रम में एएसपी नवल सिंह सिसोदिया और सीएसपी किरण चौहान के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम को सतगुरु बेकरी के पीछे मोबाइल पर सट्टा चलाने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी सौरभ शर्मा और साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे की टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी, जहां तीन युवक संदिग्ध हालत में पाए गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीष गुर्जर (24), हिमांशु सुंगधी (27) और यश सांवरिया (21) के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी www.lotus7book.com जैसी वेबसाइट्स के माध्यम से आईडी बनाकर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देते थे। यह गिरोह आम लोगों से पैसा लगवाकर अवैध लाभ कमा रहा था। मनीष गुर्जर हवाई पट्टी रोड, हिमांशु सुंगधी जवाहर नगर और यश सांवरिया बघाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है। अपराध समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों को आईपीएल के दौरान सट्टे की गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।
Post Views: 29