नीमच। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने अपने कार्यकाल की शुरुआत आस्था और जनसेवा के संकल्प के साथ की। पदभार ग्रहण करने से पूर्व वे आज शुक्रवार को मालवा की वैष्णो देवी के रूप में प्रसिद्ध भादवा माता मंदिर पहुंचे,जहां उन्होंने विधि-विधान से माता रानी की पूजा-अर्चना कर जिले में शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की। आरोग्य तीर्थ भादवा माता मंदिर पहुंचने पर मंदिर पुजारियों एवं श्रद्धालुओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। नवागत एसपी ने माता रानी के दरबार में माथा  टेककर प्रदेश और जिलेवासियों के सुखद भविष्य की प्रार्थना की। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया तथा वहां मौजूद लोगों से आत्मीय संवाद किया। गौरतलब है कि भादवामाता मंदिर पूरे मालवा अंचल की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यभार संभालने से पहले माता रानी का आशीर्वाद लेना लोगों के बीच चर्चा और आकर्षण का विषय बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने इसे एक सकारात्मक और संवेदनशील प्रशासनिक शुरुआत बताया है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया भी मौजूद रहे । आमजन को उम्मीद है कि राजेश व्यास के नेतृत्व में जिले में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराधियों में भय और जनता में विश्वास का वातावरण बनेगा।